25 December 2023 11:40 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। सेरूणा थाना क्षेत्र में हुए महेंद्र कुमार जाट हत्याकांड की गुत्थी अब कभी भी सुलझ सकती है। पुलिस ने सोमवार सुबह तीन संदिग्धों को डिटेन किया। इनमें से दो से विशेष पूछताछ चल रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आला अधिकारियों की उपस्थिति में पूछताछ जारी है। संभावना है कि मंगलवार का सूर्योदय अपराध की रहस्यमयी कहानी उजागर कर देगा। आशंका है कि इस हत्याकांड का कारण भी अवैध संबंध हों। बता दें कि सेरूणा थाना क्षेत्र की हिस्ट्री ही कुछ ऐसी रही है। यहां पूर्व में भी अवैध संबंधों के चलते कई हत्याएं हुईं हैं।
उल्लेखनीय है कि देराजसर निवासी महेंद्र जाट की शादी छः माह पूर्व आटा साटा में हुई थी। महेंद्र और उसके भाई रामदेव की बंबलू निवासी युवतियों से शादी की गई। बदले में मृतक की बहन की शादी उसके साले से की गई। बताया जा रहा है कि महेंद्र की पत्नी शादी के बाद एक दो बार ही ससुराल आई। पिछले कई माह से वह पीहर ही है।
वहीं 22 दिसंबर की रात अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी ढ़ाणी में घुसकर उसकी हत्या कर दी। बता दें कि हत्या के बाद परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की शर्त रखी गई। रविवार को सोमवार सुबह 12 बजे तक का अल्टीमेटम भी दे दिया गया। ऐसे में पुलिस रविवार रात भर जागती और भागती रही। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने कॉल डिटेल्स, सीसीटीवी कैमरा व मुखबिर तंत्र को एक्टिव कर पूरी रात मेहनत की। अभी भी पूछताछ जारी है।
RELATED ARTICLES
10 September 2026 04:56 PM
18 December 2020 01:00 PM