09 August 2021 11:25 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। मामूली बात पर पड़ोसियों का आपस में झगड़ना दो परिवारों की बर्बादी का कारण बन गया। इस झगड़े ने एक की जान ले ली व चार के नसीब में हत्या के आरोप में काठकोठरी लिख दी। वहीं एक अन्य भी रडार पर है।
मामला जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। दरअसल, 1 अगस्त बलदेव राम के घर जंवाई आया हुआ था। इसी समय किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तिलकनगर निवासी जगमाल सिंह, उसका बेटा व अन्य अपने पड़ोसी के यहां झगड़ने चले गए। आपस में मामूली मारपीट हुई। दोनों पक्षों के मामूली चोटें आईं। इस मारपीट में बुजुर्ग जगमाल सिंह के पेट पर हुए वार से उसकी आंत फट गई। उसे अस्पताल भर्ती करवाया गया।
2 अगस्त को आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 341, 34 आईपीसी में मुकदमा दर्ज हुआ। 8 अगस्त को जगमाल सिंह की दौराने इलाज मौत हो गई। मामला हत्या में तब्दील हो गया।
थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि मामले में चार जनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं एक और गिरफ्तारी की जा सकती है। पूर्व में शनि को गिरफ्तार किया गया था। अब मंजू पत्नी बलदेव राम मेघवाल, सुमन पत्नी ओमप्रकाश-पुत्री बलदेवराम व लक्ष्मी पत्नी प्रभात उर्फ लक्की पुत्री बलदेव राम को गिरफ्तार किया गया है।
RELATED ARTICLES
20 June 2026 09:32 PM
12 March 2020 03:31 PM