23 September 2025 03:41 PM


खबरमंडी न्यूज़, बीकानेर। धर्म नगरी कही जाने वाली छोटी काशी बीकानेर में मातृ शक्ति द्वारा एक अद्भुत धार्मिक कार्य आयोजित किया जा रहा है। श्री श्रीमाली ब्राह्मण समाज महिला मंडल द्वारा तीन दिवसीय 'नानी बाई रो मायरो' आयोजित किया जाएगा। मंडल की प्रवक्ता एवं सहसचिव सुनीता श्रीमाली ने बताया कि कार्यक्रम बेणीसर बारी के बाहर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में 28 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन 1 बजे से शाम 5 बजे तक नानी बाई के मायरे का वाचन बीकानेर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित उत्कर्ष महाराज द्वारा किया जाएगा।

मंडल ने इस अनूठी पहल को सफल बनाने के लिए पहला आमंत्रण मंगलवार को नगर सेठ लक्ष्मीनाथ जी को दिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष इंद्रा दवे ने लक्ष्मीनाथ जी से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए भगवान कृष्ण और भक्त नरसी मेहता के कथानक के आयोजन को सफल बनने की प्रार्थना की। दवे ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा एवं कई सजीव झांकियां निकाली जाएगी। इसमें मुख्य रूप से महादेव पार्वती, कृष्ण, राधा एवं रुक्मणि, गोपियां, नरसी मेहता, सुरा, नानी बाई, सूर्या एवं नानी बाई की बेटी प्रमुख पात्र रहेंगे।
बता दें कि महिलाओं द्वारा इस तरह का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में सर्वसमाज को आमंत्रित किया गया है। मंडल ने बीकानेर को सभी नागरिकों को मायरे में पधारने की अपील की है।
RELATED ARTICLES
27 October 2026 02:41 PM
29 August 2020 11:15 AM