01 July 2024 01:09 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के भीनासर से लापता बालक गोविंद पंचारिया आख़िर मिल गया है। बालक पिछले सोमवार को घर से निकल गया था, जो वापिस मिल गया है। बीती रात कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थानाधिकारी समरवीर सिंह का कहना है कि गोविंद अपने पिता से नाराज़ होकर घर से निकल गया था। वह घर से पहले बीकानेर रेल्वे स्टेशन गया। यहां से ट्रेन में बैठकर जोधपुर पहुंचा। जोधपुर से ट्रेन में बैठकर जम्मू पहुंचा। जम्मू से वापिस ट्रेन में बैठकर हनुमानगढ़ के पीलीबंगा पहुंचा। पीलीबंगा स्टेशन पर एक किन्नर ने उससे पैसे मांगे। बालक ने कहा मेरे पास तो नहीं है। पास खड़े रेल्वे कर्मचारी को संदेह हुआ। पूछताछ की तो पता चला कि वह घर से भागा हुआ है। किन्नर व कर्मचारी उसे रेल्वे पुलिस के पास ले गए। किन्नर के फोन से ही बालक के ननिहाल फोन किया गया। इसके बाद परिजन उसे पीलीबंगा से लेकर आए।
सूचना पर पुलिस ने रविवार को संपूर्ण कानूनी प्रक्रियाएं पूर्ण कर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष के समक्ष पेश किया। थानाधिकारी के अनुसार बालक ने बयान दिया कि वह पिता से नाराज़ है तथा घर नहीं जाना चाहता। हालांकि बाद में मामा के साथ परिजन ही उसे लेकर गए। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर कोई बातचीत हुई थी।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 10:27 PM
29 January 2022 08:46 PM