12 November 2021 05:37 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। जिले के सैकड़ों कोविड स्वास्थ्य सहायक नगर निगम व नगर पालिकाओं की ढ़िलाई की वजह से दीपावली के बाद भी सैलरी के इंतजार में हैं। जबकि सरकार की तरफ से 6 माह के बकाया व एक माह के अग्रिम भुगतान हेतु फंड भी निगम व पालिकाओं को दिया बताते हैं। 6 माह का वेतन बकाया रहने से प्रताड़ित कोविड सहायकों ने आज जिला कलेक्टर नमित मेहता के समक्ष गुहार लगाई। कलेक्टर को सरकार के आदेश से भी अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने निगम व पालिकाओं को निर्देश दिए बताते हैं।
बता दें कि सरकार ने कोविड सहायकों के 6 माह के वेतन का भुगतान राज्य वित्त आयोग के फंड से करने के आदेश दिए थे। इस फंड से जिले के करीब साढ़े आठ सौ कोविड सहायकों को वेतन दिया जाना था। अंतिम जिम्मेदारी जिला परिषद् सीईओ, नगर निगम आयुक्त व पालिका अध्यक्षों को दी गई। जिला परिषद् द्वारा गांवों में पोस्टेड कर्मचारियों को सैलरी दी जानी थी। परिषद् ने अधिकतम भुगतान कर दिए, लेकिन पूगल, पांचू आदि क्षेत्रों में पोस्टेड कर्मचारियों का भुगतान अभी भी बकाया बताया जा रहा है। दूसरी ओर शहरी क्षेत्र में लगे करीब 280 कर्मचारियों को नगर निगम द्वारा भुगतान किया जाना था। दीपावली से एक दिन पहले निगम आयुक्त ने स्वीकृति हेतु फाइल जयपुर भेज दी थी। कर्मचारियों की दीपावली फीकी पड़ गई, छुट्टियां पूरी होने के बाद चार वर्किंग डे भी निकल चुके हैं, मगर सैलरी अब भी बकाया है। ऐसा ही बुरा हाल नोखा, देशनोक व श्रीडूंगरगढ़ में कार्यरत 155 कोविड स्वास्थ्य सहायकों का हुआ है। ये पालिकाएं भी कर्मचारियों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। ऐसे में 435 से अधिक कोविड स्वास्थ्य सहायक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इन सबके घरों में तनाव का माहौल है। कर्मचारी अपने परिवार को जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील होते हुए इन कर्मचारियों की समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए। ये कर्मचारी अल्पवेतन होगी है, इनके पास सेविंग नहीं होती, ऐसे में हर माह मिलने वाली सैलरी से ही इनका परिवार चल पाता है। इतने माह तक वेतन ना मिलने की वजह अधिकतर कोविड हेल्थ सहायक कर्जदार हो चुके हैं। देखें आदेश


RELATED ARTICLES
22 July 2026 09:32 AM
18 March 2021 08:54 PM
