23 August 2022 05:32 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। बीकानेर आए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का दौरा एक बीजेपी नेता से मुलाकात के बाद चर्चा का विषय बन रहा है। दूसरी ओर कांग्रेसी दबे स्वर में इस मुलाकात का विरोध कर रहे हैं। दरअसल, डोटासरा आज रामेश्वर डूडी के यहां बैठक में शरीक होने आए थे। हाल ही में डूडी की माता का निधन हो गया था। इसी वजह से डोटासरा बीकानेर आए थे।
डूडी से मिलने के बाद सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलने की योजना थी। वे कार्यकर्ताओं से मिले भी, मगर उतना समय नहीं दिया, जिससे कार्यकर्ता संतुष्ट हो पाते। तो कुछ कार्यकर्ता उपेक्षा से नाराज़ नज़र आए। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर करने से ये कार्यकर्ता बच रहे हैं। यशपाल गहलोत, प्रदेश सचिव गजेन्द्र सांखला व जिया उर रहमान वहां डोटासरा के साथ नजर आए। वहीं चेतना डोटासरा, सुरेंद्र डोटासरा, मनोज नायक, फिरोज भाटी, आनंद सिंह सोढ़ा व सुनील गेद्दर आदि मिले। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि डोटासरा ने कार्यकर्ताओं की बजाय बीजेपी नेता गुमान सिंह राजपुरोहित को अधिक महत्व दिया। वे अंदर के कमरे में गुमान सिंह से अकेले मिले। करीब 15 मिनट चली इस गुप्त वार्ता को लेकर भी कई कयास लगाए जा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का मेयर के ससुर व बीजेपी नेता गुमान सिंह से मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। यह मुलाकात किस विषय पर थी, यह स्पष्ट नहीं हुआ है मगर कांग्रेसियों का कहना है कि डोटासरा मंत्री नहीं बल्कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष है। इसके बावजूद कांग्रेसियों को इग्नोर कर एक बीजेपी नेता से 15 मिनट तक गुप्त मंत्रणा करना कयासों का प्रवाह तेज कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछला दौरा भी चर्चा का विषय बन गया था। उस समय एक कांग्रेस नेत्री ने समय ना मिलने पर हंगामा खड़ा किया था।
RELATED ARTICLES
22 July 2026 09:32 AM
23 December 2022 07:35 PM
