18 March 2021 04:10 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, नावांसिटी/नागौर। ट्रेन की चपेट में आने से सात भेड़ों सहित एक चरवाहे की दर्दनाक मौत हो गई। मामला नागौर के नावांसिटी का है। जहां सात भेड़ें अचानक आई ट्रेन की चपेट में आ गईं। भेड़ों को बचाने की कोशिश में चरवाहे ने भी जान गवां दी।
हादसा गुरूवार सुबह शहर के फाटक संख्या 20 पर उस समय हुआ जब बीकानेर-कलकत्ता सुपरफास्ट ट्रेन वहां से गुजर रही थी। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या दो निवासी रामेश्वरलाल जांदू पुत्र मोहनलाल जांदू भेड़ों को चराने के लिए लेकर जा रहा था। तभी रेलवे फाटक पार करते समय भेड़ें इधर-उधर भागने लग गईं।
इस बीच अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में चरवाहा रामेश्वरलाल भी आ गया, जिसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर तहसीलदार गुरुप्रसाद तंवर व सब इंस्पेक्टर राजेश मीणा मौके पर पहुंचे व रेलवे पुलिस को सूचना दी। रेलवे पुलिस व स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हादसे का समाचार मिलते ही मौके पर काफी संख्या में लोग आ गए। लोगों ने बताया कि गेटमैन मान सिंह की ओर से अधिकांश समय फाटक बन्द रखा जाता है। ट्रेन नहीं आए तो भी फाटक बन्द कर बैठा रहता है। चरवाहे के आने पर गेटमैन की ओर से उसे ट्रेन के आने के बारे में नहीं बताया गया। जिससे यह दुर्घटना हुई। लोगों ने गेटमैन पर शराब पीकर कार्य करने का भी आरोप लगाया।

RELATED ARTICLES
27 October 2026 02:41 PM
21 November 2020 02:01 PM