24 December 2022 06:29 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। जब से आईएएस नीरज के. पवन ने बीकानेर संभाग के कमिश्नर पद की कमान संभाली है बीकानेर की हवा बदलने लगी है। बात रास्तों की हो या प्रशासन से जनता के रिश्तों की, सबकुछ स्मूथ हो रहा है। ख़ासतौर पर बीकानेर शहर की दशा और दिशा बदलने में आईएएस पवन रात दिन लगे हैं। इस बार का नवाचार हमारी भावनाओं से जुड़ा है। आज संभागीय आयुक्त कार्यालय में संभाग का सबसे ऊंचा तिरंगा स्थापित हो चुका है।
आज सुबह आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविंद राम मेघवाल तथा ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने रिमोट दबाकर ध्वजारोहण किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम का उद्घोष गूंज उठा।
इस दौरान मंत्री मेघवाल ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक देशवासी की आन और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी, अधिकारी, चिकित्सक और अधिवक्ता सहित लगभग 700 नागरिकों की सहभागिता से स्थापित यह तिरंगा बीकानेर को विशेष पहचान दिलाएगा।
मंत्री भाटी ने कहा कि संभाग का सबसे ऊंचा तिरंगा स्थापित ने बीकानेर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार संविधान ने 140 करोड़ लोगों को एक सूत्र में पिरोया, उसी प्रकार तिरंगा भी समूचे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोता है।
संभागीय आयुक्त नीरज के पवन ने कहा कि सात सौ लोगों द्वारा दो दो हजार के सहयोग से 151 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया गया है। इस पर लगभग 14 लाख रूपए व्यय हुए हैं। इसका ध्वज 30 गुना 20 फुट आकार का है।अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ए एच गौरी ने पधारे सभी लोगों का आभार जताया।



RELATED ARTICLES
04 June 2021 02:46 PM