11 February 2022 12:08 AM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। राह चलते लोगों से छीना झपटी कर शहर में भय व्याप्त करने वाले मोबाइल स्नैचर नयाशहर पुलिस के हत्थे चढ़ गए है। पुलिस ने एक बालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं दूसरे नाबालिग को निरुद्ध किया है। नयाशहर थानाधिकारी गोविंद सिंह चारण के अनुसार आरोपी की पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के कुम्हार मोहल्ला निवासी 19 वर्षीय सलमान गौरी पुत्र फ़ैज़ मोहम्मद के रूप में हुई है। वहीं दूसरा स्नैचर नाबालिग है। आरोपियों से कुल सात मोबाइल बरामद हुए हैं। इनमें से एक मोबाइल गार्ड छोटूलाल का है। आरोपियों ने यह मोबाइल 4 फरवरी की रात साढ़े दस बजे उस वक्त छीना जब वह केसर भवन के दरवाजे पर ड्यूटी करते हुए फोन पर बात कर रहा था। आरोपी बाइक पर बैठकर आए और छोटूलाल से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। यह मोबाइल सैमसंग कंपनी का है।
आरोपियों से बरामद अन्य 6 मोबाइल के बिल नहीं मिले हैं। आरोपियों ने एक वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र में करना भी स्वीकार किया है। पुलिस पूछताछ कर अन्य मोबाइल से जुड़ी वारदातों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। संभवतया शेष पांच मोबाइल भी नयाशहर थाना क्षेत्र में हुई स्नैचिंग की घटनाओं से जुड़े हैं। बता दें कि 4 फरवरी की रात 11 बजे बलदेव बोहरा(मन्नू) के साथ भी ऐसी ही वारदात हुई थी। मन्नू दाऊजी रोड़ से महेश भवन होते हुए घर लौट रहा था। इसी दौरान भवन के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने मन्नू का मोबाइल छीन लिया। एमआई कंपनी का यह मोबाइल मन्नू ने दो माह पूर्व ही 15 हजार में खरीदा था। वह पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखाने गया तो जवाब मिला कि ई-मित्र पर रिपोर्ट लिखवाओ। पुलिस ने बताया कि उसी दिन दो और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातें हुई। ख़बरमंडी ने इस संदर्भ में पुलिस की कार्यशैली की पोल खोलती ख़बर भी प्रकाशित की। ख़बर के बाद पुलिस हरकत में आई और पांच दिनों के अंदर ही पुलिस ने दो स्नैचरों को दबोचते हुए सात मोबाइल भी बरामद कर लिए।
-वारदात का तरीका और कारण- आरोपी पैसों के लालच में पड़कर अपराध के रास्ते चल पड़े। इनमें से एक बाइक चलाता है, दूसरा पीछे बैठकर स्नैचिंग करता है। ये स्नैचर शातिर हैं। वारदात के लिए सूनी व अंधेरी गलियां चुनते हैं। ताकि पकड़े जाने का खतरा कम रहे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए मुंह पर नकाब डाल लेते हैं। अधिकतर शिकार उसे चुनते हैं, जो अकेला हो और फोन पर बात करते हुए चल रहा हो।

RELATED ARTICLES
26 October 2026 10:27 PM
09 September 2020 07:29 PM