01 May 2021 06:14 PM

ख़बरमंडी न्यूज़, बीकानेर। कोरोना की आफत में भी लोगों की नासमझी जारी है। विवाह समारोह में धड़ल्ले से नियमों का उल्लघंन किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों के इर्द गिर्द बनी होटलों व रिसोर्ट्स में हो रही शादियों में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। यहां शुक्रवार तक हुए आयोजनों में भारी भीड़ देखी गई। बीकानेर- जयपुर नेशनल हाइवे पर लगभग हर जगह ऐसा ही हाल है। रिड़मलसर के आस पास की शाही होटलों व रिसोर्ट्स में सबसे अधिक धज्जियां उड़ रही है।
बड़ी होटलों के अंदर मेहमानों व कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी की नज़र तक नहीं जाती। जिम्मेदार भी यहां कार्रवाई करने नहीं पहुंच रहे। एक सर्वे के अनुसार होली के बाद वैवाहिक आयोजनों ने बड़े पैमाने पर लोगों को संक्रमित किया है। अप्रेल के तीस दिनों में करीब 12 हजार पॉजिटिव तो रिकॉर्ड में ही आ गए, 92 मौतें भी हुईं। वहीं अज्ञात संक्रमितों के तो आंकड़े ही नहीं है। इसी तरह कोरोना नेगेटिव होने के बाद मरने वालों का आंकड़ा भी अलग है।
इस भयावह स्थिति के बावजूद आमजन नासमझी किए बगैर नहीं मान रहा तो जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी भी आंखें मूंदे बैठे हैं। हालांकि शहर के अंदर हो रहे वैवाहिक आयोजनों में टीमें पहुंच रही है, चालान भी हो रहे हैं।
सच यह भी है कि आयोजक सबसे अधिक गैर जिम्मेदाराना हरकतें कर रहे हैं। अधीकतर आयोजक तो पच्चीस हजार का जुर्माना विवाह के खर्चे में पहले से ही जोड़कर चल रहे हैं। एक्शन का रिजल्ट तो तब आए जब अनुमति से अधिक भीड़ पाए जाने पर विवाह ही रोक दिया। बस एक यही भय है जो नियमों की पालना में कारगर साबित होगा बशर्ते कि अधिकारी भी मजबूत रहे।
हालांकि नये महामारी रेड अलर्ट जन अनुशासन पखवाड़े में वैवाहिक आयोजनों के लिए मेहमानों की संख्या 31 करते हुए मेहमानों की सूची जमा करवाने का प्रावधान किया गया है। लेकिन यह गाइडलाइन तभी असरदार होगी जब इसकी अक्षरशः पालना करवाई जाएगी। संशय और सवाल तब पैदा होते हैं जब हाइवेज के होटलों में धड़ल्ले से नियमों का उल्लघंन हो रहा हो और कार्रवाई तक ना हो।
सूत्रों का दावा है कि यहां होटलों को कार्रवाई का भय नहीं है, इसीलिए धड़ल्ले से नियमों तोड़े जा रहे हैं।
RELATED ARTICLES
26 October 2026 03:06 PM
12 July 2021 09:46 PM